Gurmeet singh chandhok

बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर विधिविधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शना के लिए खुल गए हैं। कपाट खुलते ही पूरा बद्रीनाथ धाम भक्ति और श्रद्धा के भाव से सराबोर हो उठा।
श्रद्धालुओं के लिए खुल गए बद्रीनाथ धाम के कपाट
बता दें इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर जय बद्री विशाल के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सीएम ने लिया श्रद्धालुओं से यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक
मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों का स्वागत किया। साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने हेतु हर स्तर पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है।
जागरों पर झूम उठा बद्रीनाथ धाम
कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर प्रांगण में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे संपूर्ण वातावरण लोक संस्कृति और आस्था के रंग में रंग गया। वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
सीएम ने किया भंडारे का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम में संचालित भंडारे का रिबन काटकर शुभारंभ किया। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मानव सेवा ईश्वर सेवा उत्थान समिति द्वारा संचालित विशाल भंडारे की सराहना की।
