luv bakshi

12 अक्टूबर से शुरू होगी वर्ष 2026 की सदस्यता प्रक्रिया, 30 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण
हल्द्वानी। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन हल्द्वानी ने वर्ष 2026 की सदस्यता प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। एसोसिएशन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, नई सदस्यता लेने वाले दवा कारोबारियों को अब तीन वर्ष (2023–2026) की सदस्यता के लिए ₹1800 के बजाय केवल ₹1000 शुल्क देना होगा। इस निर्णय से नए सदस्यों को राहत मिलेगी।
एसोसिएशन के पत्र के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को रामपुर रोड स्थित होटल अशोक द ग्रैंड में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि तीन वर्षों की सदस्यता के लिए ₹1800 के स्थान पर ₹1000 शुल्क लेकर नई सदस्यता प्रदान की जाएगी और चुनाव कराए जाएंगे।
एसोसिएशन ने बताया कि वर्ष 2026 की सदस्यता प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि सदस्यता लेने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
वैध ड्रग लाइसेंस की छायाप्रति जरूरी
सदस्यता के लिए दवा कारोबारियों को अपने वैध ड्रग लाइसेंस की छायाप्रति जमा करनी होगी। एसोसिएशन के पदाधिकारी सदस्यों की सुविधा के लिए स्वयं उनके प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर सदस्यता की रसीद काटेंगे।
एसोसिएशन ने सभी सदस्यों से समय पर सदस्यता ग्रहण करने और संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग देने की अपील की है। जारी पत्र पर कार्यवाहक महामंत्री गिरिश जोशी के हस्ताक्षर हैं।
