
Gurmeet singh chandhok
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के बीएसएम तिराहे पर गुरुवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में दौड़भाग देखने को मिली। पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने वाहन दौड़ा दिया। पीछा कर रही पुलिस ने कार को रोकने के लिए फायरिंग की। पुलिस की गोली कार के टायर में लगी, जिससे टायर पंक्चर होने के बाद बदमाशों को वाहन रोकना पड़ा। पुलिस ने कार सवार एक बदमाश को मौके से हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणि भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार कोतवाली क्षेत्र में घूम रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए कार को रोकने के लिए फायरिंग की, जिसमें गोली कार के टायर में लगी। टायर पंक्चर होने के बाद कार रुक गई और पुलिस ने उसमें सवार एक बदमाश को दबोच लिया।
पूछताछ में हिरासत में लिया गया बदमाश उत्तर प्रदेश के पुरकाजी थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और कार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है
