Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। करोड़ों रुपये के लेनदेन और कथित धोखाधड़ी से जुड़े चर्चित मामले में आरोपी ठेकेदार धनंजय गिरी को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे काठगोदाम थाने लेकर पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला कुमाऊं के बड़े कथित धोखाधड़ी प्रकरणों में गिना जा रहा है। आरोप है कि धनंजय गिरी ने बैंकिंग लेनदेन से जुड़े मामलों में लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। पीड़ितों द्वारा इस मामले में बैंक अधिकारियों और आरोपी के खिलाफ शिकायतें तथा एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। मामले में कुछ लोगों ने राष्ट्रीयकृत पीएनबी और उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लि० के कर्मचारियों की कथित मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ताओं ने कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद आईजी के निर्देश पर प्रकरण को उधमसिंहनगर रेफर किया गया और विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर मामले की मॉनिटरिंग शुरू की गई।
धनंजय गिरी पर करोड़ों रुपये के लेनदेन और कथित धोखाधड़ी से जुड़े गंभीर आरोपों की जांच लंबे समय से चल रही है। इस बीच आरोपी की ओर से अदालत में जमानत की प्रक्रिया भी चल रही है। अब नजर इस बात पर है कि कोर्ट इस मामले में क्या फैसला लेता है।
पुलिस और एसआईटी की जांच जारी है तथा मामले में आधिकारिक और विस्तृत बयान का इंतजार किया जा रहा है। शहर में गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
