Gurmeet singh chandhok
भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के नौकुचियाताल, नौल, बिजरौली सहित विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर विगत दिनों बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों, बिजली व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। मंत्री कैड़ा ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा के कारण क्षेत्र में कई मोटर मार्ग, पेयजल और बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मार्गों और पेयजल लाइनों की जल्द मरम्मत कराने तथा बिजली व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
