
Gurmeet singh chandhok
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सिडकुल चौकी में दी गई तहरीर पर कार्रवाई न होने पर शनिवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूपेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नाम सीओ को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में राजकुमार ठुकराल ने बताया कि 24 अगस्त को जिला कलेक्ट्रेट में निर्वाचन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। ठुकराल के अनुसार, वह भी अपना पक्ष रखने के लिए बैठक में पहुंचे थे।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि बैठक शुरू होने के दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज करते हुए उन्हें अपमानित किया। उनका यह भी आरोप है कि इसी दौरान किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।
पूर्व विधायक ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने सत्ता के प्रभाव में आकर उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
राजकुमार ठुकराल ने कहा कि कथित घटनाक्रम और संबंधित लोगों के रवैये के कारण उन्हें भविष्य में अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सिडकुल चौकी में तहरीर दी गई थी, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
पूर्व विधायक ने क्षेत्राधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने और आरोपियों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। ज्ञापन लेने के बाद क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
