हेल्पिंग हैंड न्यूज़ ब्यूरो

डीजल आपूर्ति में अनियमितताओं से आम जनता परेशान, अधिकारियों की कार्यशैली पर उठे सवाल
हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से जुड़े पेट्रोल पंपों पर गंभीर अनियमितताओं एवं काला बाजारी के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।स्थानीय जनता को डीजल आपूर्ति में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि इस मामले में कुछ पेट्रोल पंप संचालक, संबंधित डीजल कंपनी के कर्मचारी तथा तेल कर्मचारी की मिलीभगत से आम जनता के लिए निर्धारित डीजल को ड्रमों तथा टैंकरों के माध्यम से बड़े उद्योगों में बेचा जा रहा है। इस बारे में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी HELPING HAND NEWS द्वारा अवगत कराया गया।सरकार द्वारा आम जनता के लिए पेट्रोल पंपों पर डीजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद ,यदि औद्योगिक इकाइयों को प्राथमिकता देकर आम लोगों के हिस्से का डीजल बेचा जा रहा है, तो यह गंभीर जांच का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उद्योगों के लिए अलग आपूर्ति व्यवस्था और निर्धारित मानदंड होते हैं। यदि पेट्रोल पंपों से सीधे ईंधन आपूर्ति की जा रही है, तो सरकार को राजस्व का बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है तथा जानबूझकर राज्य सरकार को आर्थिक क्षति पहुंचाई जा रही है।इस संबंध में HELPING HAND NEWS द्वारा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन हल्द्वानी सेल्स ऑफिसर तथा देहरादून रीजनल हेड से वार्तालाप करने का प्रयास किया गया और कथित घपलेबाजी की जानकारी देने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि इस पूरे मामले को बहुत हल्के में लिया गया। इसके बाद इस मामले को लेकर आपूर्ति विभाग को भी बताया गया यह स्वयं में एक बड़ा जांच का विषय है। प्रशासन को यह देखना चाहिए कि कुछ लोगों के निजी फायदे के लिए सरकार का राजस्व का भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग, जिला प्रशासन तथा तेल कंपनी के उच्च अधिकारियों द्वारा तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और ईंधन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
