
कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) उत्तराखंड ने प्रेस क्लब में अपनी पहली प्रेस वार्ता कर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी के नार्थ जोन कोऑर्डिनेटर श्रेष्ठ सिंह खेरा ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है।
सिटीगाइड खोजें
CJP ने उठाए सरकारी स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं पर सवाल
श्रेष्ठ सिंह खेरा ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों में आज भी बच्चों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, भवन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।
CM धामी के विधानसभा क्षेत्र से जुड़े स्कूलों पर भी सरकार को घेरा
CJP ने मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र से जुड़े स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि जब मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भी स्कूली बच्चे समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में सरकारी स्कूलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
10 दिन में रोडमैप दे सरकार: CJP
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी ने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार के लिए सरकार को अगले 10 दिनों के भीतर स्पष्ट रोडमैप सामने रखना चाहिए। इसमें स्कूलों में मौजूद मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी भी होनी चाहिए।
सरकार रोडमैप सामने नहीं रखती तो आंदोलन करेगी CJP
कॉक्रोच जनता पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन के भीतर सरकार की ओर से कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं आता है, तो पार्टी की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
