Gurmeet singh chandhok

उत्तराखंड में बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का सिलसिला जारी है। नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर रविवार सुबह दो गांव के पास अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे। देखते ही देखते पूरा मार्ग मलबे से पट गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। अचानक सड़क बंद होने से कई वाहन और यात्री रास्ते में फंस गए।
बताया गया कि रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक चटक गया। इसके बाद बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि भूस्खलन के वक्त कोई वाहन उस स्थान से नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
मार्ग बंद होने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम जेसीबी और अन्य मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।
एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि सड़क से मलबा और बोल्डर हटाने के लिए मशीनें मौके पर भेजी गई हैं। टीम जल्द से जल्द मार्ग को यातायात के लिए खोलने में जुटी है
