
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां जनपद में बहादुरगढ़ क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। शनिवार देर रात बरेली से लुधियाना जा रहा एक आयशर कैंटर पहले अनियंत्रित हुआ और उसके बाद डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
इसमें एक आठ महीने के मासूम बच्चे के साथ दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तो वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस को सूचना मिलने पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है।
डिवाइडर से टकराकर पलटा कैंटर!
मिली जानकारी के अनुसार आयशर कैंटर (UP 24 T 5723) हादसे का शिकार हुआ है। ये बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के ग्राम सकतीया सिंगवाली से लुधियाना, पंजाब की ओर जा रहा था। इसमें न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर और स्प्लेंडर बाइक लदी थी। इसी बीच गंगा एक्सप्रेसवे पर सदरपुर टोल प्लाजा से करीब 4 किलोमीटर आगे जखैडा रहमतपुर के पास कैंटर का संतुलन बिगड़ा। तेज रफ्तार होने की वजह से कैंटर सीधे डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
दर्दनाक हादसे में 3 की मौत, 8 महीने का मासूम भी शामिल
इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों में से तीन की मौत हो गई। तो वहीं मृतकों की पहचान अभिजीत साल 8 माह, श्रीदेवी साल 28 और सावित्री देवी उम्र 32 साल के तौर पर हुई है। तो वहीं लालाराम (35 साल) और अभिषेक (30 साल) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे की वजह क्या?
फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। हालांकि शुरुआती जांच में ये मामला तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा माना जा रहा है।
