Gurmeet singh chandhok

फोन पर धमकी और अभद्र मैसेज भेजने का आरोप
पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद किया
हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिडकुल थाना पुलिस और सीआईयू की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे थे। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मोबाइल फोन पर धमकी भरे मैसेज भेजे गए थे। उनकी शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में बीएनएस की धारा 351(3)/352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को सिडकुल थाना क्षेत्र के सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान हिमांशु चोढा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है और मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा पूछताछ किए जाने को लेकर वह नाराज था। पुलिस का दावा है कि इसी नाराजगी में आरोपी ने जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरे मैसेज भेजे.
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से नया मोबाइल नंबर लिया और उसी नंबर से जेल अधीक्षक के फोन पर धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह कथित तौर पर जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था। पुलिस के अनुसार वह जेल की ओर जा रहा था, तभी चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने बरामद तमंचे के संबंध में मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 बढ़ाई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी के खिलाफ भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में भी पूर्व में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, निवासी लुधियाना, पंजाब और हाल निवासी आईडीपीएल, देहरादून के रूप में हुई है। कार्रवाई में थाना सिडकुल पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की टीम शामिल रही। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखते हुए धमकी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल शुरू कर दी है।
