Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित कार्यालय में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की कार्यकारिणी के विस्तार के साथ ही सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और जनहित में विभिन्न कार्यों को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का संचालन संगठन के संरक्षक पंकज कंसल एवं महासचिव आशुतोष बुद्धलाकोटी ने किया। इस दौरान संगठन की ओर से त्रैमासिक विज्ञापन पत्रिका प्रकाशित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित राजनेताओं, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और केमिस्ट एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारियों के संदेश प्रकाशित किए जाएंगे।
इसके अलावा केमिस्ट समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने पर सहमति बनी। आगामी 14 जनवरी को आयोजित होने वाले उत्तरायणी मेले में संगठन की ओर से झांकी अथवा स्टॉल लगाने की योजना भी बनाई गई। इसके माध्यम से पहाड़ों से पलायन रोकने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए थाल सेवा की तर्ज पर भोजन सेवा शुरू करने, वृद्धाश्रमों और जरूरतमंद बुजुर्गों की सहायता करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, अस्पताल बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर और नेबुलाइजर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही किसी विद्यालय और पार्क को गोद लेकर उनके रखरखाव एवं विकास में योगदान देने पर भी चर्चा हुई।
संगठन की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए बैठक के महत्वपूर्ण बिंदुओं के संयोजन की जिम्मेदारी संजय त्यागी और समायोजन का कार्य लव बक्शी को सौंपा गया। इसके अलावा कुमाऊंनी भाषा में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित करने तथा ग्रुप में अनावश्यक संदेशों पर रोक लगाने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने प्रस्तावों का समर्थन करते हुए संगठन के विकास और सामाजिक हितों के कार्यों को आपसी सहमति एवं सहयोग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में ये रहे मौजूद: अध्यक्ष डॉ. वसंत कुमार, महासचिव आशुतोष बुद्धलाकोटी, गुड्डू मलिक, उपाध्यक्ष अमित अरोरा, संजय त्यागी, संरक्षक पंकज कंसल, सहसचिव पंकज फूलारा, संरक्षक विवेक भसीन, संरक्षक विनय विरमानी, नीरज कांडपाल, अवधेश तिवारी, संगठन मंत्री रवि गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी लव बक्शी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
