Gurmeet singh chandhok

पिथौरागढ़ – जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि कार्यक्रम के बाद मेले में जमकर बवाल हुआ। इस दौरान माइक फेंकने, मंच पर तोड़फोड़ करने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने की घटनाएं हुईं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में विधायक हरीश सिंह धामी, राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और तोड़फोड़ करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद मेले में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। इस दौरान मंच पर रखे माइक को फेंकने और मंच पर तोड़फोड़ किए जाने के आरोप भी सामने आए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी धक्का-मुक्की होने का आरोप है। मामले में कोतवाली जौलजीबी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है
