
हिमाचल प्रदेश के शिमला में होटल कारोबारी के घर हुई करोड़ों की चोरी के मामले में उत्तराखंड आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। चोरी के सामान को लेकर उत्तराखंड पहुंचने के दौरान आरोपियों से कथित तौर पर हुई वसूली के मामले में विभाग ने अपने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में आबकारी विभाग के दरोगा समेत चार कर्मचारियों की गिरफ्तारी की बात भी सामने आ रही है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, शिमला में होटल कारोबारी के घर हुई चोरी के बाद चार आरोपी चोरी किए गए सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो रहे थे। आरोपियों के उत्तराखंड पहुंचने पर रुद्रपुर क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने उनकी गाड़ी को तलाशी के लिए रोका।
आबकारी कर्मचारियों पर चोरी का एक हिस्सा रखने का आरोप
आरोप है कि तलाशी के दौरान टीम को गाड़ी से चोरी का कीमती सामान बरामद हुआ। इसके बाद आबकारी कर्मचारियों ने कथित तौर पर चोरी के सामान का एक हिस्सा अपने पास रख लिया और बाकी सामान आरोपियों को देकर उन्हें वहां से जाने दिया। मामला सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू हुई।
दो कर्मचारियों को किया निलंबित
जांच के दौरान आबकारी विभाग के कर्मचारियों की भूमिका सवालों के घेरे में आई, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। आरोपियों की पहचान देवेन्द्र कुमार (उप आबकारी निरीक्षक), बलजीत सिंह (आबकारी सिपाही) के रूप में हुई है।
इसके अलावा, उधम सिंह नगर डीएम ने संबंधित विभागों को पप्पू लाल (उपनल कर्मचारी) और नईम (PRD स्वयंसेवक) के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, इस पूरे मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है।
