
बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। बीते दिन जहां कांग्रसे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल खुली बहस की चुनौती को लेकर देहरादून के प्रेस क्लब पहुंचे थे। लेकिन बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी वहां नहीं पहुंचे। ऐसे में आज यानी बुधवार को बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जहां उन्होंने कांग्रेस और गणेश गोदियाल पर तीखा हमला बोला।
बदरीनाथ चढ़ावा चोरी पर हेमंत द्विवेदी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
दरअसल बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चढ़ावा चोरी पर बात करते हुए कहा कि इस मामले में आरोपी जेल में है। जांच एजेंसिया भी अपना काम कर रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेकने का काम कर रही है।
निजी सचिव कर्मचारी की नियुक्ति के आरोपों को सिरे से किया खारिज
हेमंत द्विवेदी ने निजी सचिव कर्मचारी की नियुक्ति को लेकर उनपर लगे आरोपों को भी सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि ये सभी आरोप निराधार है। उन्होंने दावा किया कि सबंधित कर्मचारी की स्थायी नियुक्ति उनके नहीं, बल्कि पूर्व बीकेटीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यकाल में हुई।
वर्तमान बीकेटीसी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रमोद नौटियाल के संबंध गणेश गोदियाल से मुंबई के समय से ही थे। गोदियाल के कार्यकाल में प्रमोद नौटियाल को नियमों को ताक में रखकर एक साथ दो अलग पदों की जिम्मेदारी दी गई। इसके लिए कोई नोटिफिकेशन भी नहीं जारी किया गया था।
गोदियाल से मांगा कार्यकाल का हिसाब
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गणेश गोदियाल बताए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मर्यादा के अनुरुप रहकर कार्य किए या नहीं? साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर समिति के धन का निजी कार्यों में उपयोग क्यों किया गया?, इसका जवाब भी पूर्व अध्यक्ष को देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हर साल 47 मंदिर प्रतिष्ठानों पर यात्रा शुरू होने पर ड्यूटी रोस्टर बनाया जाता है। लेकिन उनके कार्यकाल में नियमों का पालन नहीं हुआ। द्विवेदी ने ये भी दावा किया कि वो पहले ऐसे अध्यक हैं, जिसने मंदिर समिति का कोई स्टाफ अपने साथ नहीं रखा।
बिनसर मंदिर निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपए दिए
इसके साथ ही बीकेटीसी अध्यक्ष ने मंदिर बनाने पर भी गणेश गोदियाल को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदियाल ने मंदिर समिति के पैसों से बिनसर मंदिर निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपए दिए। जोकि गलत है क्योंकि ये पैसा मंदिर समिति के कार्य में लगाया जाता है।
गोदियाल ने मंदिर समिति को लूटने का काम किया
इसके अलावा पहली ही बोर्ड बैठक में रोड निर्माण का पैसा गणेश गोदियाल ने स्वीकृत कर दिया। जिसकी रकम 10 लाख थी। इसमें भी नियमों का उल्लंघन किया गया। बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि गणेश गोदियाल के कार्यकाल में जितनी भी अनियमिताएं हुई, उसकी जांच करवाई जाएगी। गोदियाल ने मंदिर समिति को लूटने का काम किया।
बहस के लिए तैयार, समय और तारीख गोदयाल तय करें
इसके साथ ही हेमंत द्विवेदी ने गणेश गोदियाल की खुली बहस पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यदि गणेश गोदियाल को किसी भी विषय पर चर्चा करनी है तो वो बाबा के दरबार बद्रीनाथ धाम परिसर में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि समय और तारीख गणेश गोदियाल तय कर दें।
14 महीने के कार्यकाल की जांच के लिए तैयार बीकेटीसी अध्यक्ष
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में तीन स्तर पर जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वो अपने 14 महीने के कार्यकाल की जांच कराने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।
