कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के पुराऊपुर गांव में बच्चों के झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि भाभी गायत्री ने अपने देवर रजनीश के प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे पहले घाटमपुर सीएचसी और फिर हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने 55 टांके लगाए.
कानपुर में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद ऐसा बढ़ा कि मामला देवर और भाभी के बीच हिंसक झगड़े तक पहुंच गया. आरोप है कि गुस्से में भाभी ने अपने देवर के प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों को उसकी चोट पर 55 टांके लगाने पड़े. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. अब घायल की पत्नी ने आरोपी जेठानी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
बच्चों के झगड़े से शुरू हुआ विवाद
यह मामला कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के पुराऊपुर गांव का है. घायल युवक की पहचान रजनीश के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक परिवार में बच्चों को लेकर विवाद शुरू हुआ था. बताया जा रहा है कि रजनीश की पत्नी सुमन ने अपनी जेठानी गायत्री के बेटे को डांटा था. इसके बाद सुमन ने गायत्री की बेटी की पिटाई कर दी. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
विवाद बढ़ने पर झगड़ा इतना उग्र हो गया कि आरोप है कि गायत्री ने अपने देवर रजनीश के प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया. अचानक हुए इस हमले में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे.
पहले घाटमपुर, फिर हैलट अस्पताल रेफर
घायल रजनीश को सबसे पहले घाटमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया. वहां से उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी चोट का इलाज किया. चोट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डॉक्टरों को 55 टांके लगाने पड़े.
पत्नी ने जेठानी के खिलाफ दी तहरीर
घटना के बाद रजनीश की पत्नी सुमन ने अपनी जेठानी गायत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि युवक पर हमले की सूचना मिलने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया. घायल की पत्नी ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि झगड़े के दौरान वास्तव में क्या हुआ और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है.
