
देहरादून के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक घंटाघर के पास भीषण आग लग गई। आज सुबह, शुक्रवार को अचानक एक फोटो लेमिनेशन और फोटेस्टेट की दुकान धू-धूकर जलने लगी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान से ऊंची लपटें उठने लगी। ऊपर आसमान में काले धुएं का घना गुबार बन गया। व्यस्त सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसापास के दुकानदार भी अपनी दुकानों से बाहर निकल गए।
देहरादून के घंटाघर में भीषण आग!, धू-धूकर जली दुकान
आग लगने के बाद इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। तुरंत ही राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। लगातार पानी की बौछारे की गई ताकी आग आसपास की दुकानों तक ना फैले। पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। साथ ही इलाके की आवाजाही सीमित कर दी।
क्या था आग लगने का कारण?
फिलहाल अभी तक आग के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच के मुताबिक आग दुकान के अंदर से शुरू हुई। इस आग में लेमिनेशन मशीनें, फोटोस्टेट उपकरण, दस्तावेजों से जुड़ी सामग्री सब जल गई है। फिलहाल अभी नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दमकल ने बड़ी घटना होने से रोका
इस आग में किसी के भी हताहात होने की सूचना नहीं है। समय रहते हुए दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। जिससे आसपास की दुकानों में आग फैलने से बच गई।
