Gurmeet singh chandhok

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में बीते दिन वाहन दुर्घटना से पूरा राज्य शोक में था। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। तो वहीं दो घायल हो गए। सभी हरिद्वार से अंतिम संस्कार क्रिया कर्म से वापस लौट रहे थे। अब इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक प्रकट किया है। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों और घायलों को सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है।
टिहरी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक वाहन के खाई में गिरने से लोगों की मृत्यु होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
पीएम मोदी ने आर्थिक सहायता की घोषणा
पीएम मोदी ने भी टिहरी के इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है। ईश्वर करे कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड (PMNRF) की ओर से, जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।”
गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने भी शेयर किया पोस्ट
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी घटना शोक जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा में चम्बा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर हुई भीषण वाहन दुर्घटना का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ये घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदय विदारक है। ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए सभी पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें औक शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
