Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित बेलबाबा क्षेत्र के समीप सुबह भूमि की खरीद-फरोख्त के दौरान दो पक्षों के बीच भूमि के मूल्य को लेकर विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार एक पक्ष भूमि का मूल्य ₹3000 प्रति वर्ग फुट मांग रहा था, जबकि दूसरा पक्ष ₹2200 प्रति वर्ग फुट देने पर अड़ा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक रूप ले बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान कथित रूप से रामपुर रोड के एक हिस्ट्रीशीटर, जिसके विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं, द्वारा फायरिंग किए जाने का आरोप है। फायरिंग की आवाज सुनते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। आसपास के लोग भयभीत होकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना में प्रयुक्त हथियार अवैध बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी सभी तथ्यों की जांच कर रही है और फायरिंग करने वाले की भूमिका की पुष्टि की जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार मामले में कई लोगों से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार हो रही फायरिंग और आपराधिक घटनाओं से आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे अपराधियों के विरुद्ध समय रहते कठोर और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो उनका मनोबल लगातार बढ़ता जाएगा। छोटे अपराध करने वाले अपराधी आगे चलकर बड़े और गंभीर अपराध करने का भी साहस करने लगते हैं, जिससे समाज और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
जनता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष, त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास बना रहे तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
