Gurmeet singh chandhok

Kanatal Hill Station: जब भी गर्मियों की छुट्टियां मिलती हैं तो ज्यादातर लोग मसूरी, नैनीताल या औली जैसी जगहों पर जाना पसंद करते हैं। लेकिन इन जगहों पर अक्सर काफी भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में अगर आप प्रकृति के बीच शांति और सुकून भरा वेकेशन मनाना चाहते हैं तो उत्तराखंड का कनाताल हिल स्टेशन एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यहां पर मौजूद ऊंचे देवदार के जंगल, ठंडी हवाएं और हिमालय के आकर्षक नजारे बहुत ही खास होते हैं।
शहर की भागदौड़ से दूर अगर आप शांति में वेकेशन बिताना चाहते हैं तो इस बार कनाताल जाने की प्लानिंग कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस जगह पर जाने के लिए आपको ज्यादा बजट की जरूरत नहीं होगी। प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए यह जगह बेहतरीन साबित हो सकती है।
कनाताल घूमने की जगहें
अगर आपको धार्मिक जगहों पर जाना पसंद है तो सबसे पहले कनाताल से सुरकंडा देवी मंदिर जाने का प्लान कर सकते हैं। यह जगह लगभग 8 किमी की दूरी पर स्थित है। मंदिर तक पहुंचने के लिए आपको ट्रेकिंग करनी पड़ेगी जहां से हिमालय का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। यहां पर सीढ़ियों और केबल कार की भी व्यवस्था है जिससे आप आसानी से मंदिर पहुंच सकते हैं। पहाड़ की चोटी पर बसा यह मंदिर बहुत ही खूबसूरत है।
कनाताल से करीब 35 किमी दूर टिहरी झील स्थित है जहां पर आप बोटिंग और वॉटर एक्टिविटीज का मजा ले सकते हैं। यहां पर आपको कई तरह की एडवेंचर एक्टिविटीज करने का मौका मिलेगा।
उत्तराखंड की खूबसूरत जगहों में से एक धनौल्टी कनाताल से करीब 15 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां पर आपको प्रकृति की खूबसूरती को करीब से देखने का मौका मिलेगा। यहां पर आप स्कूटी की मदद से भी जा सकते हैं। घुमावदार सड़कों से दिखने वाले पहाड़ों के नजारे मन को मोह लेते हैं।
कनाताल से चंबा घूमने का प्लान कर सकते हैं जो सिर्फ 15 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां पर शहर की भागदौड़ और शोरशराबा देखने को नहीं मिलेगा। यहां पर आप अपनी गर्मियों की छुट्टियों को आराम से बिता सकते हैं।
उत्तराखंड का यह खूबसूरत हिल स्टेशन आसपास घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा है। यहां पर कई बार बर्फबारी भी होती है। यहां पर आप कैंपिंग और बोन फायर का मजा ले सकते हैं। अगर आपको फोटोग्राफी का शौक है तो यहां पर जाना बहुत अच्छा ऑप्शन रहेगा।
कितनी दूर है कनाताल
कनाताल देहरादून से करीब 78 किमी दूर स्थित है। दिल्ली से आपको कनाताल के लिए बस भी मिल जाएगी। इसके अलावा यहां रहना और खाना भी काफी सस्ता है। सर्दी और गर्मी, दोनों समय यहां पर वेकेशन मनाने जा सकते हैं।
