Gurmeet singh chandhok

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में चढ़ावा चोरी मामला इस वक्त चर्चाओं में बना हुआ है। अब समिति की व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य चीजें भी सवालों के घेरे में आने लगी है। अब नया खुलासा हुआ है कि बीकेटीसी को दान में मिली दो हाईटेक एंबुलेंस और एक टेंपो ट्रेवल भी गायब है। तीनों वाहन वर्तमान में धाम में कही नजर नहीं आए। समिति के जिम्मेदार अधिकारियों की माने तो उन्हें वाहनों के धाम में होने की जानकारी नहीं है।
चढ़ावा चोरी के बाद अब दान में मिली एंबुलेंस गायब
दरअसल मिली जानकारी के अनुसार साल 2018 में एक दानदाता ने समिति को एक एंबुलेंस दान दी थी। इसके बाद देवस्थानम बोर्ड के गठन के दौरान भी किसी अन्य दानदाता की तरफ से बीकेटीसी को हाईटेक एंबुलेंस दी गई थी। बताया जा रहा है कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए दोनों एंबुलेंस को उपयोग में लाना था। जिससे धाम में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को आपातकालिन स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
RTI द्वारा भी नहीं मिला जवाब
हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार इन एंबुलेंस को कभी धाम में संचालित होते नहीं देखा गया। इसके साथ ही आरटीआई एक तहत एक व्यक्ति द्वारा इन एंबुलेंसों की स्थिति को लेकर जानकारी मांगी गई थी। लेकिन बीकेटीसी की तरफ से इसको लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद से इन वाहनों को लेकर अलग-अलग आशंका जताई जा रही है।
दान में मिले टेंपो ट्रेवलर का भी कुछ अता-पता नहीं
इसके अलावा ज्योतिर्मठ पीठ के ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज ने भी साल 2010 में एक टेंपो ट्रेवलर समित को दान में दिया था। जिससे असहाय, दिव्यांग और वृद्ध श्रद्धालुओं को बदरीनाथ बस अड्डे से मंदिर के समीप तक पहुंचाने की व्यवस्था हो। लेकिन विश्वस्त सूत्रों का आरोप है कि ये टेंपो ट्रेवलर काफी लंबे समय से निजी और प्रशासनिक कार्यों में उपयोग किया जा रहा है। बीते जून महीने में इसे बदरीनाथ से देहरादून अधिकारियों और कर्मचारियों के आवागमन के लिए लेकर जाया गया। लेकिन वो अब वहां पर भी नहीं है।
