
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड द्वारा जारी अधिसूचना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रदेश के विशिष्ट निकायों के सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल की नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर, जनपद ऊधमसिंहनगर की नगर पंचायत गढ़ीनेगी तथा जनपद चम्पावत की नगर पंचायत पाटी हेतु निर्वाचन अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिसूचना जारी होने के साथ ही संबंधित सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना प्रक्रिया पूर्ण होने तक आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस अवधि में किसी भी प्रकार की नई घोषणाएं, मतदाताओं को प्रभावित करने वाले प्रलोभन, अनधिकृत प्रचार-प्रसार तथा प्रशासन की अनुमति के बिना आयोजित गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी राजनीतिक दलों, संभावित प्रत्याशियों एवं आम नागरिकों से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का निष्ठापूर्वक अनुपालन करने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध निर्वाचन नियमों के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
