Gurmeet singh chandhok

रुद्रपुर। किच्छा रोड बिगवाड़ा स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास परिसर में 29 और 30 अगस्त को होने वाले विशाल सत्संग में देशभर से तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार दोनों दिन सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक जनपद की सीमाओं से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि हल्के वाहनों का आवागमन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जारी रहेगा।
सितारगंज और बरेली से आने वाले श्रद्धालु किच्छा रोड से सत्संग परिसर पहुंचेंगे। हरिद्वार, काशीपुर और बाजपुर से आने वाले वाहन गदरपुर एमेनिटी स्कूल के पास से रिंग रोड, फ्लाईओवर के नीचे और सर्विस रोड से निर्धारित गेट तक जाएंगे। दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर से आने वाले वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड होते हुए फ्लाईओवर के नीचे से परिसर पहुंचेंगे। हल्द्वानी और नैनीताल की ओर से आने वाले वाहन हल्द्वानी गोलापुल, लालकुआं-पंतनगर होते हुए किच्छा अथवा सिडकुल पंतनगर चौक से रिंग रोड के रास्ते पहुंचेंगे।
परिसर में वाहनों के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। बस, भारी वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली गेट संख्या 03 और 09, चार पहिया हल्के वाहन गेट संख्या 07 तथा दोपहिया वाहन गेट संख्या 08 से प्रवेश करेंगे।
सत्संग समाप्त होने के बाद किच्छा, सितारगंज और बरेली जाने वाले वाहन सर्विस रोड से किच्छा हाईवे की ओर जाएंगे, जबकि काशीपुर, हरिद्वार, देहरादून, रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली जाने वाले वाहन फ्लाईओवर के नीचे से रिंग रोड के रास्ते रवाना होंगे। भीड़ बढ़ने पर वाहनों को समूह बनाकर चरणबद्ध तरीके से निकाला जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर मुख्य हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जा सकता है।
पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने और यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य सत्संग में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के साथ आम जनता का आवागमन भी सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है।
