Gurmeet singh chandhok
क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को निकाल लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, हादसे के कारणों का पता नहीं

हल्द्वानी/लालकुआं। हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रही एक कार शुक्रवार शाम तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अलग-अलग वाहनों से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे कार हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें सवार लोग घायल अवस्था में फंस गए थे।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव का कार्य करते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को अलग-अलग वाहनों से अस्पताल भिजवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचा था। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और घायलों की पहचान के संबंध जानकारी जुटाई जा रही है।
