
दिल्ली पुलिस पर हमले का मामला सामने आया है। यहां बाहरी दिल्ली में भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर कुछ युवकों ने हमला किया। जिसमें तीन पुलिस वाले घायल हो गए। मौके से 17 साल के किशोर को तो पुलिस ने पकड़ लिया। लेकिन मुख्य आरोपी समेत इसमें शामिल अन्य लोग फरार हो गए।
पुलिसकर्मियों पर हमले का मामला
पुलिस की माने तो ये घटना 22 अगस्त को करीब तीन बजे की है। बीट स्टाफ के हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश जनता विहार में गश्त कर रहे थे। जांच के दौरान उन्हें एक मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसके वैध दस्तावेज नहीं थे। ऐसे में पुलिस ने अधिनियम की धारा 66 के तहत थाने में बाइक जमा कराई।
आंखों में डाला मिर्च पाउडर, लाठी-डंडों से हमला
जब करीब साढ़े तीन बजे दोनों पुलिसकर्मी बीट पर लौटे तो बाइक का मालिक और उसके परिवार ने पुलिसकर्मियों की आंख पर मिर्च पाउडर डाल दिया। साथ ही ईंट और डंडों से भी हमला किया। इस हमले में टोटल तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सहायता करने पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू भी इसमें शामिल है।
तीन पुलिसकर्मी घायल
ऐसे में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस हमले का मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बीसी है। उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
