Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। शहर के गौलापार क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब भैंसों को लेने जंगल गए एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी में जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है, जबकि ग्रामीणों का दावा है कि व्यक्ति को भालू ने मार डाला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।मृतक की पहचान रेखाल खत्ता निवासी 45 वर्षीय मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है, जो शनिवार शाम अपनी भैंसों को वापस लाने के लिए जंगल की ओर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा रातभर खोजबीन के बाद रविवार सुबह उसका शव सिडकुल क्षेत्र के जंगल में मिला, जिस पर जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जंगली जानवर के हमले का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमला किस जानवर ने किया। पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
