
देहरादून न्यूज- राजधानी देहरादून में तेज रफ्तार का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। शुक्रवार रात से रविवार सुबह तक जिले में चार अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में 16 वर्षीय युवती भी शामिल है। घायल युवती का इलाज जॉलीग्रांट अस्पताल में चल रहा है। डोईवाला, बंजारावाला और राजपुर रोड पर हुए इन हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
राजपुर रोड पर चार कारों की भिड़ंत, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
रविवार तड़के करीब चार बजे राजपुर रोड पर जाखन से घंटाघर की ओर जा रही चार कारें आपस में टकरा गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो कारें तेज रफ्तार से जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की और सामने से आ रही चौथी कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार कई लोगों को चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कारों की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई।
खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी को मारी टक्कर, 16 वर्षीय युवती की मौत
शनिवार दोपहर डोईवाला क्षेत्र के खत्ता रोड पर खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए जॉलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 16 वर्षीय युवती को मृत घोषित कर दिया। दूसरी युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर सीज कर दिया और चालक को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
बंजारावाला में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत
बंजारावाला क्षेत्र में भी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद वाहन चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
राजपुर रोड पर डिवाइडर से टकराई स्कूटी, दो दोस्तों ने गंवाई जान
शुक्रवार रात राजपुर रोड पर एक अन्य सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। दोनों युवक मर्चेंट नेवी से जुड़े बताए जा रहे हैं और देहरादून के माता मंदिर रोड क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर देहरादून में तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
