Gurmeet singh chandhok

राजधानी देहरादून में महिला आक्रोश रैली को लेकर सियासी माहौल गर्म होता नजर आ रहा है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस रैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के मुद्दे पर विपक्ष के रुख के विरोध में यह मशाल यात्रा निकाली जाएगी।
गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली जाएगी मशाल यात्रा
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गांधी पार्क से घंटाघर तक करीब 300 मीटर लंबी मशाल यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रहेगी, जिससे यह रैली एक बड़ा जनसंदेश देने का काम करेगी।
मंत्री ने बोला विपक्ष पर हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने महिलाओं के अधिकारों को छीनने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण बिल पर विपक्ष ने विरोध में वोट देकर महिलाओं के हितों के खिलाफ काम किया। मंत्री ने कहा कि महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए पीएम मोदी और भाजपा सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
धामी सरकार की उपलब्धि
मंत्री ने 16 से 18 अप्रैल तक चले विशेष सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान सरकार की मंशा साफ नजर आई, लेकिन विपक्ष ने इसके विपरीत जाकर बिल को गिराने की कोशिश की। मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश की धामी सरकार पहले ही महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक फैसला ले चुकी है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
