
ऐड़ी बालकृष्ण मेले को लेकर चम्पावत पुलिस ने कमर कस ली है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। 3 से 5 सितंबर तक लागू रहेगा।
चम्पावत पुलिस ने तैयार किया ट्रैफिक प्लान
चम्पावत के भिंगराड़ा में ऐड़ी बालकृष्ण मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुगम यातायात को देखते हुए 3 सितंबर सुबह 8 बजे से 5 सितंबर को मेला समाप्ति तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जबकि प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान मंदिर क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ये है ट्रैफिक प्लान
धूनाघाट, लोहाघाट और पाटी की ओर से आने वाले वाहनों को खरही चौराहे के पास खरही सड़क और वन विभाग की ओर जाने वाली सड़क के किनारे निर्धारित स्थान पर एक तरफ पार्क किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु पैदल मेला स्थल तक पहुंचेंगे।
वहीं रीठा साहिब की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन वाहनों को देशी शराब भट्टी और राजस्व पटवारी चौकी से पहले सड़क किनारे निर्धारित स्थान पर पार्क कराया जाएगा।
मेले के दौरान लोहाघाट, पाटी और धूनाघाट से रीठा साहिब की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। बड़े वाहन, चारपहिया और दुपहिया वाहन खरही चौराहे से वन-वे व्यवस्था में शामिल होकर भिंगराड़ा होते हुए रीठा साहिब की ओर जा सकेंगे।
वहीं रीठा साहिब से धूनाघाट, लोहाघाट और पाटी की ओर आने वाले वाहनों को शराब भट्टी और राजस्व चौकी बैरियर से वन-वे व्यवस्था के तहत आगे भेजा जाएगा।
मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित
कलश यात्रा, डोला भ्रमण और अन्य प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान ऐड़ी बालकृष्ण मंदिर के आसपास मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जरूरत पड़ने पर यातायात को डायवर्ट भी किया जाएगा।
आपातकालीन सेवाओं को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यकता के अनुसार विशेष यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
