Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के अब खुद कुमाऊँ कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत मैदान में उतर गए हैं,आज हल्द्वानी शहर के खालसा स्कूल,एमबी स्कूल समेत कई मतदान केंद्रों का कुमाऊ कमिश्नर दीपक रावत ने निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से सत्यापन कार्य की जानकारी ली और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान दीपक रावत ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध अभिलेखों, प्रपत्रों और सत्यापन प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने BLO से घर-घर सत्यापन की प्रगति, प्राप्त प्रपत्रों की संख्या, शेष कार्य और लोगों के सहयोग के बारे में जानकारी ली। कुमाऊं कमिश्नर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, जबकि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे।उन्होंने कहा कि जिन लोगों के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें आवश्यक जानकारी देकर समय रहते प्रक्रिया पूरी कराई जाए। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव किया जाए।कुमाऊँ आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य की गुणवत्ता और रिकॉर्ड संधारण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि SIR अभियान लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण हिस्सा है और शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी
