Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी: कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। चुनाव बेहद नजदीक होने के साथ ही सभी छात्र संगठन और निर्दलीय प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। इसी बीच निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल को उस समय मजबूती मिली, जब पिछले वर्ष एनएसयूआई के टिकट पर चुनाव लड़ चुके कमल बोरा ने उन्हें अपना समर्थन देने का ऐलान किया। कमल बोरा के आर्यन बेलवाल के समर्थन में आने के बाद छात्र राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसे एनएसयूआई के भीतर चल रही गुटबाजी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वहीं आर्यन बेलवाल इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में पूरी ताकत के साथ डटे हुए हैं। आर्यन को उस समय भी बड़ा समर्थन मिला था, जब टिकट नहीं मिलने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कुछ पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। अब यही पूर्व पदाधिकारी आर्यन बेलवाल के समर्थन में खुलकर चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे हैं। एमबीपीजी कॉलेज में इस बार मुकाबला छात्र संगठनों के प्रत्याशियों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच भी कड़ा दिखाई दे रहा है। आर्यन बेलवाल को मिल रहे समर्थन ने चुनावी समीकरणों को और चर्चा में ला दिया है
