
उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 (Chardham Yatra 2026) ने इस साल नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यात्रा अपने चरम पर है और तीन माह का महत्वपूर्ण पड़ाव सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। देश-विदेश से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान श्री बद्रीनाथ और श्री हेमकुंड साहिब के पावन दर्शन के लिए चमोली पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इस साल बद्रीनाथ धाम में 3.31 लाख अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
पिछले साल की तुलना की जाए तो इस साल श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। साल 2025 में यात्रा प्रारंभ होने के बाद तीन महीने की अवधि में श्री बद्रीनाथ धाम में कुल 12,15,612 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। तो वहीं 2026 में अब तक ये संख्या बढ़कर 15,47,578 पहुंच चुकी है। जिसका मतलब है कि इस साल अब तक 3,31,966 अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
हेमकुंड साहिब यात्रा में भी बढ़ी आस्था की रफ्तार
ऐसे ही श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ा है। साल 2025 में दो महीने की अवधि में 2,03,004 श्रद्धालुओं ने श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन किए थे। तो वहीं साल 2026 में अब तक 2,19,379 श्रद्धालु पवित्र धाम में मत्था टेक चुके हैं।
श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर
ये आंकड़े दर्शाते हैं कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। साथ ही भूस्खलन की संभावनाओं और भारी यातायात दबाव के बीच भी पुलिस के जवान दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
