

रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में चम्पावत जनपद में नगर निकाय निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
इसी क्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी/व्यय अनुवीक्षक सेल श्रीमती सीमा बंगवाल के निर्देशानुसार, विकासखंड पाटी में निर्वाचन चुनाव में प्रतिभाग कर रहे प्रत्याशियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्री मुकेश कुमार एवं ट्रेनर श्री मजहर हुसैन द्वारा उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों को दिन-प्रतिदिन का निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण एवं लेखा विवरण प्रारूप (एकाउंट बुक) तैयार करने का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक प्रभारी अधिकारी व्यय अनुवीक्षण तंत्र श्री गणेश दत्त चौथिया ने उपस्थित उम्मीदवारों को विभिन्न अनुमतियों के सापेक्ष किए गए व्यय के मिलान संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश बताए।
उन्होंने सभी को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड राज्य पंचायती राज अधिनियम 2016 के प्रावधानों की जानकारी दी और स्पष्ट किया कि निर्वाचन व्ययों का लेखा दाखिल करने में असफल रहने वाले उम्मीदवारों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अनर्ह (अयोग्य) घोषित किया जा सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि किसी भी माध्यम से अवैधानिक व्यय संबंधी शिकायत प्राप्त होने और उसका तथ्यात्मक विवरण सही पाए जाने पर, संबंधित खर्च को तय दरों के आधार पर सीधे उम्मीदवार के खाता बुक में दर्ज कर दिया जाएगा।
सभी प्रतिभागियों को चुनाव के दौरान वित्तीय नियमों का पूरी कड़ाई से पालन करने और तय समय सीमा के भीतर अपना सटीक व्यय विवरण प्रस्तुत करने हेतु जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर व सहायक प्रभारी अधिकारी (नगर पंचायत पाटी) गणेश दत्त चौथिया, लेखा टीम के सदस्य किशोर कुमार जोशी, विश्वास सहित लगभग 25 उम्मीदवार और उनके अधिकृत प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
