



रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय जोड़ मेले के दूसरे दिन जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर जनपद की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाबा श्याम सिंह द्वारा जिलाधिकारी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क मार्ग, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति को परखा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि देश-विदेश से आने वाले सिख तीर्थयात्रियों और आम नागरिकों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को सड़क किनारे बने शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में पर्याप्त स्थाई शौचालयों की उपलब्धता तथा यात्रा मार्ग पर संचालित विभिन्न लंगर स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट तैनात करने की हिदायत दी। पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पेयजल निगम को सभी लंगर स्थलों पर अनिवार्य रूप से पेयजल टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया।
मेला क्षेत्र की अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के क्रम में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत को नियमित रूप से वृहद सफाई अभियान चलाने तथा अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल को संपूर्ण मेला क्षेत्र एवं यात्रा मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। यातायात को सुरक्षित व बाधारहित बनाने के लिए उन्होंने सड़क निर्माण विभाग तथा वन विभाग को संयुक्त रूप से मार्ग से नियमित रूप से पिरूल हटाने, झाड़ियों के कटान तथा नालियों की सफाई का कार्य त्वरित गति से निष्पादित करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण और व्यवस्थाओं के जायजे के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह सहित विभिन्न संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
