
हल्द्वानी न्यूज। शहर एक नई हरियाली की ओर कदम बढ़ा रहा है। आपको बता दें कि नैनीताल रोड से शुरुआत करते हुए, हरित अभियान में अब तक 200 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस अभियान में ब्रश रेड, चंपा, फाइकस, बॉटल पाम, गुलमोहर और मौलसरी जैसी सुंदर व पर्यावरण के लिए लाभकारी प्रजातियों को लगाया जा रहा है। इन पौधों से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी।नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने कहा, “हम सिर्फ पेड़ नहीं लगा रहे, हम भविष्य को संवार रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और हरियाली छोड़ना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे यह भी बताया कि जहां पर्याप्त स्थान मिलेगा, वहां पीपल और पाकड़ जैसे छायादार वृक्ष भी रोपे जाएंगे। इस प्रयास में खास बात यह है कि स्थानीय नागरिक, स्कूल, सामाजिक संगठन और व्यापारी भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। बच्चे पौधों के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं, बुजुर्ग उन्हें पानी दे रहे हैं। एक अपनापन, एक जुड़ाव साफ महसूस हो रहा है। पौध रोपण का यह अभियान सिर्फ पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सोच, एक संस्कृति बनती जा रही है। आने वाले समय में हल्द्वानी न केवल एक स्मार्ट सिटी होगा, बल्कि एक “ग्रीन सिटी” के रूप में भी पहचाना जाएगा।