
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
क्षेत्र पंचायत पाटी की बैठक ब्लॉक सभागार पाटी में ब्लॉक प्रमुख श्री शंकर सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें विकास से जुड़े लगभग 50 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।








ब्लॉक प्रमुख श्री शंकर सिंह अधिकारी ने बैठक में उपस्थित माननीय विधायक लोहाघाट श्री खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य श्री अशोक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का स्वागत किया।
ब्लॉक प्रमुख श्री अधिकारी ने कहा कि अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि एक-दूसरे के पूरक होते हैं, और दोनों के आपसी सहयोग से ही गांवों का समुचित एवं संतुलित विकास संभव है।
माननीय विधायक श्री खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विकासखंड की अपनी भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियां होती हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर ठोस एवं व्यवहारिक कार्य योजनाएं तैयार करनी चाहिए, ताकि योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि ग्राम पंचायतों में आयोजित खुली बैठकों में आम सहमति से पारित प्रस्तावों को ही क्षेत्र पंचायत की बैठक में विचारार्थ रखा जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख श्री खड़क सिंह, खंड विकास अधिकारी सुश्री मोनिका पाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
