Gurmeet singh chandhok

देहरादून में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में निकाली गई भव्य पदयात्रा व बाइक रैली में महिलाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारी संख्या में मातृशक्ति सड़कों पर उतरी। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि ये केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक है।
प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयास देश को एक नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन’ पहल देश की आधी आबादी को उनका अधिकार, सम्मान और नेतृत्व प्रदान करने का सशक्त संकल्प है। ये केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को सशक्त करने की दिशा में एक व्यापक जनजागरण का माध्यम है।
प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत भी हुई शामिल
दीप्ती रावत ने कहा कि देश की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परचम लहरा रही हैं। केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है। जिससे वो ना केवल अपने परिवार बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मातृशक्ति का उमड़ा जनसैलाब
उन्होंने ये भी कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की जागरूक और ऊर्जावान मातृशक्ति का ये उत्साह दर्शाता है कि महिलाएं अब केवल भागीदार ही नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ रही हैं। ये ऊर्जा और सहभागिता निश्चित रूप से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास को और अधिक मजबूती प्रदान की।
