Gurmeet singh chandhok
देहरादून। बुधवार सुबह देहरादून में मौसम ने करवट ले ली है। जिले के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं, जबकि त्यूणी क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। चकराता में बादलों के साथ कोहरा छाया है। मौसम विभाग के तत्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ घंटों में देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से सुबह सात बजे जारी तत्कालिक पूर्वानुमान में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज दौर की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान सुबह सात से 10 बजे तक के लिए है। स्वचालित मौसम केंद्रों पर सर्वाधिक वर्षा यूकोस्ट में 34.5 मिलीमीटर दर्ज की गई।
इसके अलावा हठीबड़कला में 21.5, चकराता में 17, सहस्रधारा आइटीआइ और मोहकमपुर में 7.5-7.5 तथा जौलीग्रांट में दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। जिला प्रशासन की मौसम अपडेट सूचना के अनुसार सदर, कालसी, ऋषिकेश, डोईवाला और विकासनगर तहसीलों में बादल छाए हैं, जबकि मसूरी में भी बादल हैं। चकराता में बादल और कोहरा तथा त्यूणी में हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई है। जनपद में आपदा से संबंधित स्थिति फिलहाल सामान्य बताई गई है।
