
Gurmeet singh chandhok
वीबी-जी राम जी योजना के तहत काम करने वाले मजदूरों और ग्राम प्रधानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए डार्क जोन और बिना नेटवर्क वाले इलाकों में मजदूरों की हाजिरी मैनुअल यानी रजिस्टर पर लगाने की मंजूरी दे दी है। अब इन इलाकों में ऑनलाइन हाजिरी लगाने की मजबूरी नहीं रहेगी। सरकार के इस कदम से खासकर पहाड़ी इलाकों में काम कर रहे मजदूरों और पंचायतों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले महीने ग्राम प्रधानों ने देहरादून में प्रदर्शन किया था
पिछले महीने प्रदेशभर से आए ग्राम प्रधानों ने देहरादून में प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि वीबी-जी राम जी योजना के कामों में ऑनलाइन हाजिरी की शर्त को हटाया जाए और रजिस्टर के जरिए हाजिरी दर्ज करने की व्यवस्था शुरू की जाए। ग्राम प्रधानों का कहना था कि पहाड़ों की कठिन भौगोलिक स्थिति और खराब नेटवर्क के कारण कई जगहों पर इंटरनेट ही नहीं चलता है। ऐसे में जब मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी नहीं लग पाती थी, तो उनके काम और मजदूरी के पैसे अटकने का डर बना रहता था।
हाजिरी न लग पाने से आर रही थी मजदूरी मिलने में दिक्कत
ग्राम प्रधानों की परेशानी यह थी कि तकनीक की कमी का खामियाजा सीधे गरीब मजदूरों को उठाना पड़ता था। नेटवर्क न होने के कारण हाजिरी न चढ़ने से रोजगार और समय पर मेहनताना मिलने में दिक्कत आ रही थी। इसी वजह से प्रधानों ने सरकार से गुहार लगाई थी कि जिन जगहों पर नेटवर्क की समस्या है, वहां ऑनलाइन हाजिरी की बाध्यता खत्म कर मैनुअल हाजिरी की छूट दी जाए, ताकि मजदूरों का काम और पैसा दोनों सुरक्षित रह सकें।
मैनुअल हाजिरी लगाने के आदेश जारी
अब इस मामले पर ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी ने साफ कर दिया है कि जिन इलाकों में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में तकनीकी परेशानियां आ रही हैं, वहां मैनुअल हाजिरी लगाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार ने डार्क जोन और ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर ली है जहां कनेक्टिविटी नहीं है, और उन्हीं जगहों को इस नई व्यवस्था में छूट दी गई है।जानकारों का मानना है कि सरकार का यह फैसला जमीनी हकीकत को समझते हुए लिया गया है। इससे ग्राम प्रधानों की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी हो गई है और पहाड़ी व दूरदराज के इलाकों की समस्याओं का समाधान भी हो सकेगा। अब जिन इलाकों में इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंच पाता, वहां रजिस्टर में हाजिरी दर्ज होने से मजदूरों को बेवजह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी और उनके काम व मजदूरी का हिसाब भी आसानी से हो सकेगा।
