
Uttarakhand Weather Update: आज भी उत्तराखंड में मानसून की तेज रफ्तार आसमानी आफत बनकर गिरेगी। मौसम विभाग ने आज यानी 11 जुलाई के लिए कई जिलों के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कई जिलो के लिए ऑरेंज और कई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Uttarakhand Weather Update: आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
दरअसल मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की माने तो उत्तराखंड में 11 जुलाई को भी मानसून सक्रिय रहने वाला है। आज भारी बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले के कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
खासकर पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी देहरादून की बात करें तो आज यहां भी कई जगहों पर बारिश का कहर देखने को मिल सकता है। 11 जुलाई को देहरादून का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
