
उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक मामूली सा ऑनलाइन फूड आर्डर अचानक विवाद का बड़ा कारण बना गया। चिकन बिरयानी के एक आर्डर को लेकर त्रिशूल चौक क्षेत्र में जमकर हंगामा हुआ। जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
रुद्रपुर में चिकन बिरयानी आर्डर पर बवाल
मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक ने जोमैटो ऐप के जरिए ‘सौरभ’ नाम से चिकन बिरयानी आर्डर की थी। आर्डर करने के बाद युवक को शक हुआ कि त्रिशूल चौक इलाके में इस नाम से कोई हिंदू संचालित दुकान नहीं है। इसी शक के चलते उसने अपनी साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में कई युवक त्रिशूल चौक पर एकत्रित हो गए और डिलीवरी बॉय का इंतजार करने लगे।
राशिद नाम का व्यक्ति संचालित कर रहा था दुकान
जोमैटो राइडर ‘इंडियन रेस्टॉरेंट नाम की दूकान पर आर्डर लेने पहुंचा, जिसे राशिद नाम का व्यक्ति चलाता था, वहां मौजूद युवाओं ने उसे घेर लिया और उसका विरोध करना शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे युवाओं का आरोप था कि दुकानदार राशिद ने जोमैटो पर ‘सौरभ’ नाम से रजिस्ट्रेशन कर लोगों को गुमराह किया है। उनका कहना है कि इससे लोग भ्रमित हो रहे हैं और उन्हें बिना जानकारी के हलाल चिकन परोसा जा रहा है, जो उनकी धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ है।
पुलिस ने शांत करवाया मामला
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने शिकायतकर्ता रवि चंद्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
रुद्रपुर कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील कर रहा है
