
उत्तराखंड में ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही मार्गशाला फाउंडेशन को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। संस्था को संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की ओर से Sustainable Development Goal (SDG) 8 यानी सम्मानजनक रोजगार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए SDG Achievers Award से सम्मानित किया गया है।
UNDP ने मार्गशाला फाउंडेशन को किया सम्मानित
बता दें यह सम्मान अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नाट्य अकादमी में आयोजित एक समारोह के दौरान प्रदान किया गया। पिछले छह सालों से मार्गशाला फाउंडेशन अपने प्रमुख कार्यक्रम ‘स्वरोजगार फेलोशिप’ के माध्यम से उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में ग्रामीण युवा उद्यमियों के साथ काम कर रही है। इस पहल के तहत युवाओं को व्यवसायिक मार्गदर्शन, मेंटरशिप और अपने क्षेत्र में प्रेरक रोल मॉडल बनने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
देवेंद्र महोरी को किया SDG Young Achiever Award से सम्मानित
इस अवसर पर स्वरोजगार फेलोशिप के पूर्व प्रतिभागी देवेंद्र महोरी को भी SDG Young Achiever Award से सम्मानित किया गया। देवेंद्र महोरी लाल बहादुर शास्त्री ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के माध्यम से पिथौरागढ़ में कई युवाओं को प्रशिक्षण दे चुके हैं। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
मार्गशाला फाउंडेशन की संस्थापक आद्या सिंह ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के ग्रामीण युवाओं के साहस, नवाचार और उद्यमशीलता की पहचान है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के युवाओं को नौकरी तलाशने वालों के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम करना समय की जरूरत है।
मार्गशाला फाउंडेशन क्या है ?
मार्गशाला फाउंडेशन एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो उत्तराखंड और हिमालयी क्षेत्रों में युवाओं की आजीविका और उद्यमिता को मजबूत करने के लिए कार्यरत है। संस्था सीखने के कार्यक्रमों, मेंटरशिप, डिजिटल संसाधनों और उद्यमिता सहयोग के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर उपलब्ध कराने का काम कर रही है।
