
Gurmeet singh chandhok
रुद्रपुर। खेड़ा बस्ती में महापौर विकास शर्मा प्रशासनिक अमले के साथ निरीक्षण करने पहुंचे तो पता चला कि सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाए गए मकान के भीतर अवैध रूप से मजार बनाई जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने तत्काल निर्माण को सीज करने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर विकास शर्मा गुरुवार को एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे और नगर निगम व प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ खेड़ा बस्ती क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान नदी किनारे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत के आधार पर टीम चांद मस्जिद के पास पहुंची। जहां एक मकान को देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। जांच में सामने आया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा
कर मकान खड़ा किया गया था और घर के अंदर ही मजार भी बना दी गई थी। पूछताछ के दौरान पता चला संबंधित व्यक्ति ने अपने पिता के इंतकाल के बाद शव को घर के भीतर ही दफनाकर वहां मजार का स्वरूप दे दिया। इतना ही नहीं आरोप यह भी सामने आया कि अतिक्रमणकारी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर आसपास कई लोगों को प्लॉट भी बेचे हैं। मामले का खुलासा होते ही प्रशासनिक टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी और अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। महापौर विकास शर्मा ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर धार्मिक संरचना के नाम पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा सीज की गई अवैध मजार को ध्वस्त करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
