


रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की आपदा त्वरित राहत नीति तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में राजस्व विभाग द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में पूर्णागिरि तहसील क्षेत्र के गैंडाखाली स्थित भवन (भवान) में कुलदीप चन्द्र पुत्र श्री गणेश लाल के मकान पर आकाशीय बिजली गिरने की सूचना प्राप्त होने पर उप जिलाधिकारी पूर्णागिरि श्री प्रमोद कुमार ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण एवं जांच के दौरान भवन पर आकाशीय बिजली गिरने की पुष्टि हुई। घटना में भवन को आंशिक क्षति पहुंची है। इसके अतिरिक्त भवन स्वामी के फ्रिज एवं पंखों सहित कुछ विद्युत उपकरण भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उप जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा उन्हें प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक श्री किशननाथ एवं राजस्व उपनिरीक्षक सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
