दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
नीट (NEET) की तैयारी करने मध्य प्रदेश से हल्द्वानी आई छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। छात्रा को सुशीला तिवारी अस्पताल लेजाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है। छात्रा के परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश निवासी अंजलि जाटव (19) मुखानी स्थित खाटू श्याम मंदिर के निकट निजी कोचिंग से संबद्ध पीजी में रह रही थी। मंगलवार की शाम उसके मित्र ने उसे फोन किया तो उसका फोन नहीं उठा। इस पर पुलिस और परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर अंजलि अपने कमरे में दुपट्टे से लगाए फंदे पर लटकी मिली। खिड़की की जाली काटकर उसे बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस को कमरे में कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला लेकिन वहां मिली एक डायरी में लिखे शब्दों ने छात्र की आत्महत्या की गुत्थी को और अधिक उलझा दिया है। डायरी में लिखा था कि एक को तो छोड़ दिया है लेकिन दूसरे को नहीं छोडूंगी। पुलिस अब इस घटना को महज आत्महत्या न मानकर प्रेम प्रसंग, मानसिक दबाव और किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता जैसे विभिन्न नए कोणों से खंगाल रही है। पुलिस द्वारा छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल्स, सोशल मीडिया एक्टिविटी, गूगल सर्च हिस्ट्री की बारीकी से जांच की जा रही है और साथ ही उस अज्ञात युवक की भी सरगर्मी से तलाश जारी है जिसने सबसे पहले उसकी सहेली को फोन कर अंजलि द्वारा कॉल न उठाने की सूचना दी थी।
