Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हल्द्वानी के समाजसेवी अनुज कांत अग्रवाल को ‘उत्तराखंड गौरव अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान थाइलेंड के फुकेट शहर के एक प्रतिष्ठित होटल अंडमान बीच रिज़ॉर्ट में आयोजित भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया, जिसमें समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कला, संस्कृति एवं धार्मिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
समारोह में अनुज कांत अग्रवाल को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र तथा गोल्ड मेडल प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी सहित क्लब के 23 सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समारोह में देश-विदेश से आए कई विशिष्ट अतिथियों ने भी भाग लिया। सामाजिक कार्यों के साथ-साथ शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
अनुज कांत अग्रवाल के साथ ही हल्द्वानी की सुमन जैन, नैनीताल की अनीता अग्रवाल, देहरादून के डॉ. गगन और हल्द्वानी की सुनीता संदीप अग्रवाल को भी ‘उत्तराखंड गौरव अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ऐसे सम्मान समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और समाज सेवा, खेल, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हैं। उपस्थित लोगों ने सम्मानित व्यक्तित्वों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
