
विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चल रही चारधाम यात्रा के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आज चमोली पुलिस, एटीएस ओर 7 असम एटीएस द्वारा संयुक्त सुरक्षा अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, त्वरित रिस्पॉन्स और किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारी को लेकर पूरे धाम क्षेत्र में गहन निरीक्षण एवं चैकिंग अभियान संचालित किया गया।
मंदिर के इनर और आउटर कार्डन क्षेत्रों का किया बारीकी से निरीक्षण
संयुक्त टीमों ने बद्रीनाथ मंदिर परिसर के इनर और आउटर कार्डन क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर, होटल, पार्किंग स्थल, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा वाहनों की सघन चैकिंग की गई। धाम के मुख्य प्रवेश बिंदु देवदर्शिनी बैरियर पर हर वाहन और संदिग्ध व्यक्ति पर विशेष निगरानी रखी गई।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों से की सतर्क रहने की अपील
वहीं सीमांत क्षेत्र माणा गांव के अंतिम छोर तक सुरक्षा बलों द्वारा गश्त और निरीक्षण कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी गई। संयुक्त टीमों द्वारा यात्रियों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी साझा की गई। साथ ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई
