
नैनीताल। सुबह गुनगुनी धूप और शाम को हल्की गुलाबी ठंड, ये नैनीताल के मौसम का अनूठा मिजाज है, जो पल-पल रंग बदलता है और रविवार को कुछ ऐसा ही नजारा रहा। बादलों ने दिन का पारा चढ़ने नहीं दिया और सामान्य बना रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन बाद मौसम में तब्दीली आने की फिर संभावना जताई है।रविवार सुबह दिन चढ़ने के साथ सुनहरी धूप निखरने लगी। दोपहर 12 बजे दूर-दूर तक बादलों कोई निशान नहीं था। मगर इससे पहले कि धूप असहनीय हो, बादलों ने दस्तक देनी शुरू कर दी। घंटे भर के दौरान घने बादल आसमान में छा गए, जिसने दोपहर के तीन बजे तक धूप की किरणों को जमीन पर गिरने से रोके रखा और सांझ ढलते-ढलते छंटना शुरू कर दिया।
इसके बाद अंधेरा छाने से पहले हल्की गुलाबी ठंड महसूस होने लगी। मौसम का यह मिजाज पर्यटकों को खूब भाया।मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन सरोवर नगरी का मौसम शुष्क रहने वाला है। 17 से नैनीताल का मौसम बिगड़ने का अनुमान है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को नगर का अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।