Gurmeet singh chandhok

महाराष्ट्र में बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिसने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मूसलेधार बारिश का कहर सबसे ज्यादा लोनावला में देखने को मिला। जहां 900 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के चलते कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। तो वहीं जिले की 9 प्रमुख सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ी। ताम्हिनी घाट के पास भूस्खलन से तीन घर मलबे में दब गए।
लोनावला में 16 साल का रिकॉर्ड टूटा
मौसम विभाग के अनुसार, लोनावला में 900 मिलीमीटर बारिश हुई। जिसने बीते 16 साल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। तो वहीं पिंपरी-चिंचवड़ में 326 मिलीमीटर और पुणे में 233.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जुलाई के महीने के इतिहास में ये चौथा सबसे बड़ा बारिश का रिकॉर्ड है। ताम्हिनी घाट में मलबे में तीन घर दब गए। बारिश के खतरे को देखते हुए गनीमत ये रही कि वहां पर रहने वाले लोग पहले ही सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे।

शहर से गांव तक जनजीवन प्रभावित
शहर से गांव तक जनजीवन प्रभावित हो गया। पुणे शहर, पिंपरी-चिंचवड़ और ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर जलभराव हो रहा है। पिछले 48 घंटों में कई जगहों पर 200 से 250 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। जिसके बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में मोबाइल टावर गिरने से इंटरनेट सेवाएं ठप हो गई है। पुणे में भारी बारिश की वजह से बीते दिन छह जुलाई को कई उड़ानों में देरी हुई। कई हवाई सेवाओं पर असर देखने को मिला।
भारी बारिश के कारण 13 लोगों की मौत
तो वहीं पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र में सोमवार की ही 13 लोगों की मौत हो गई। तो वहीं 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। भारी बारिश की वजह से लगभग 100 घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।

IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया
आज भी मौसम विभाग ने मुंबई, कोल्हापुर, सतारा, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।बता दें कि इससे पहले महाराष्ट के कई जिलों , मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पुणे और नासिक के घाट इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया था।
सभी दफ्तरों के लिए ‘वर्क-फ्रॉम-होम की घोषणा
राज्य सरकार ने सभी दफ्तरों के लिए ‘वर्क-फ्रॉम-होम की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागरिकों को सतर्क रहने को कहा है। IMD ने मंगलवार को नासिक-त्र्यंबकेश्वर इलाके में बादल फटने की की चेतावनी दी है
