Gurmeet singh chandhok
हल्द्वानी – रामपुर रोड स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार देर रात नकाबपोश चोरों ने डॉक्टरों के बंद आवासों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज परिसर के डी-ब्लॉक में रहने वाले डॉ. समीर पांडे और डॉ. प्रेरणा चमोली जब अपने आवास लौटे तो घरों के ताले टूटे मिले। अंदर अलमारियां, बेड और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश संदिग्ध देर रात करीब दो बजे परिसर में घूमते दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले बंद फ्लैटों की पहचान की, फिर सामने वाले फ्लैट का कुंडा बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद उन्होंने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी, आभूषण तथा अन्य कीमती सामान समेट लिया। चोरी का सामान डॉक्टर की पत्नी के पर्स में रखकर ले जाते हुए भी आरोपी कैमरे में कैद हुए हैं।
पीड़ित डॉक्टरों ने पुलिस को शिकायत दी है। लिखित तहरीर मिलने के बाद चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। गेटेड कैंपस होने के बावजूद चोर आसानी से अंदर कैसे पहुंचे, यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के साथ ही पुलिस चौकी भी मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
